पिरान कलियर। प्रशासन ने पिरान कलियर में दूसरे दिन भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान एक व्यक्ति अतिक्रमण करने वालों की पैरवी करते हुए नायब तहसीलदार से भिड़ गया। अभियान रुकवाने के लिए जमकर नोकझोंक हुई। इसी बीच डीएम पिरान कलियर पहुंच गए। नायब तहसीलदार ने पूरे मामले से डीएम को अवगत कराते हुए आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
कलियर में सालाना उर्स शुरू हो चुका है। अल्टीमेटम के बावजूद अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन ने दूसरे दिन भी अभियान चलाया। नहर किनारे पड़ी सरकारी भूमि और सोहलपुर रोड पर सज्जादा परिवार की जमीन से कब्जे हटवाए गए। प्रशासन की टीम जब पीपल चौक के पास अतिक्रमण हटा रही थी तो इसी दौरान एक व्यक्ति अतिक्रमण करने वालों की पैरवी करने लगा। इसी बात को लेकर वह नायब तहसीलदार से उलझ गया। उसने अभियान को लेकर प्रशासन पर ही आरोपों की झड़ी लगा दी। नायब तहसीलदार सुदेश ने भी आरोपी को फटकार लगाई। नोकझोंक होने पर टीम ने बीच बचाव कराया। इसी बीच जिलाधिकारी हरबंश सिंह चुघ कलियर पहुंच गए।
अभियान से खफा कुछ अतिक्रमणकारी डीएम से मिलने पहुंचे और नायब तहसीलदार समेत स्थानीय अधिकारियों की झूठी शिकायतें करते हुए गुमराह भी किया। इसके बाद नायब तहसीलदार ने भी डीएम को पूरे मामले से अवगत कराया। अभियान के दौरान एक दर्जन से ज्यादा स्थायी व अस्थायी कब्जे हटवाए गए। नायब तहसीलदार सुदेश कुमार ने बताया कि एक अतिक्रमणकारी ने अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया है, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कलियर थाने में तहरीर दी गई है। अभियान लगातार जारी रहेगा।
नाक का सवाल बना कुछ अतिक्रमण
पिरान कलियर में कुछ अतिक्रमण उर्स के दौरान अतिक्रमणकारियों की नाक का सवाल बना हुआ है। कोतवाली के इर्दगिर्द के अतिक्रमण बचाने की जोड़ जुगत तो महीनों से जारी है। तैयारियों को लेकर अधिकारियों के निरीक्षणों में अतिक्रमण बचाने की जोरदार पैरवी भी होती रही। सोमवार को ये पैरवी इस हद तक पहुंची कि एक अतिक्रमणकारी नायब तहसीलदार से ही भिड़ गया। इस कदर विरोध कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।