रुड़की। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग देहरादून की ओर से आयोजित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पद की परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी के ओएमआर शीट ले जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इसको लेकर काफी देर तक हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। बाद में अभ्यर्थी के वापस लौट आने पर ओएमआर शीट लौटा दी गई। हैरानी की बात यह है कि इतना सब होने पर भी परीक्षा केंद्र प्रशासन इस पूरे मामले को अफवाह बता रहा है।
रविवार को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग देहरादून की ओर से ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पद की परीक्षा थी। परीक्षा के लिए केएलडीएवी इंटर कालेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक चली। बताया गया है कि परीक्षा समाप्त होने पर जिस समय ओएमआर शीट एकत्रित की जा रही थी। उसी दौरान एक अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष से अपनी ओएमआर शीट लेकर बाहर निकल गया। एक ओएमआर शीट न मिलने की जानकारी कक्ष निरीक्षक ने कालेज प्रशासन को दी। अभ्यर्थी के ओएमआर शीट ले जाने की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया।
तुरंत ही गंगनहर कोतवाली पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। परीक्षा कोर्डिनेटर पुष्कर बहुगुणा परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, लेकिन बाद में अभ्यर्थी स्वयं ही ओएमआर शीट लेकर आ गया और उसे जमा कर दिया। कालेज प्रशासन ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की और मामले को रफादफा कर दिया। यही नहीं जब इस संबंध में कालेज के प्रधानाचार्य मनोज सैनी से जानकारी की गई तो उन्होंने कहा कि कोई भी अभ्यर्थी ओएमआर शीट लेकर नहीं गया था। यह केवल अफवाह है।
इनका कहना है
ओएमआर शीट ले जाने की जानकारी मिली थी। इस पर वह कालेज पहुंचे। अभ्यर्थी ने भूलवश प्रश्न पुस्तिका में ओएमआर शीट रख ली थी। जब उसे पता चला तो उसने स्वयं ही ओएमआर शीट लौटा दी। अभ्यर्थी कालेज परिसर से बाहर नहीं गया था।
-पुष्कर बहुगुणा, परीक्षा कोर्डिनेटर रुड़की क्षेत्र
केएलडीएवी इंटर कालेज से किसी अभ्यर्थी के ओएमआर शीट ले जाने की सूचना फोन पर आई थी। इस संबंध में कालेज ने कोई भी लिखित शिकायत नहीं की है।
-जवाहर लाल, प्रभारी निरीक्षक, गंगनहर कोतवाली