ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने चमोली जेल में बंद प्रवीण वाल्मीकि के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उन्हें पहले ही रास्ते में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस सोमवार रात ढंडेरा रेलवे फाटक के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को दो युवक संदिग्ध हालात में घूमते नजर आए। पुलिस ने दोनों को बुलाया तो वे भागने लगे। पुलिस ने कुछ ही दूरी पर दोनों को पकड़ लिया। तलाश में उनके पास से 315 बोर के दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों बदमाश विशाल पुत्र पाल सिंह निवासी गोलभट्टा और जोगध्यान पुत्र जय भगवान निवासी ग्राम सैदपुरा, मंगलौर के पास तमंचे बरामद हुए हैं। दोनों प्रवीण वाल्मीकि के गुर्गे हैं। उन्होंने बताया कि विशाल का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। वह कुछ महीने पहले हत्या और आर्म्स एक्ट में भी जेल जा चुका है। जोगध्यान का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।