ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
अधिवक्ता कृष्ण गोपाल की हत्या के लिए तमंचा उपलब्ध कराने वाले प्रवीण वाल्मीकि के दूसरे गुर्गे को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया। आरोपी कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सुनहरा निवासी अधिवक्ता कृष्ण गोपाल की 21 दिसंबर को दो बदमाशों ने नई बस्ती में गोली मारकर हत्या कर दी थी। फुटेज में पहचान होने के बाद पुलिस ने शेखर और आकाश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। बीते मंगलवार को पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में दोनों ने बताया था कि अधिवक्ता का प्रवीण वाल्मीकि से एक प्लाट को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते वह अधिवक्ता की हत्या करवाना चाहता था। इसी बीच उसे पता चला कि शेखर का भी अधिवक्ता से विवाद है। इसके बाद वाल्मीकि ने अपने दो गुर्गों आशीष और सलमान को शेखर से संपर्क कर अधिवक्ता की हत्या करवाने की बात कही थी। इसके बाद दोनों ने शेखर और आकाश को तमंचा उपलब्ध करवाया था। बुधवार को पुलिस ने वाल्मीकि के गुर्गे आशीष उर्फ कन्नू को धनौरी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साथ ही उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया था। दूसरे गुर्गे सलमान की पुलिस तलाश कर रही थी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि सलमान को सुनहरा रोड स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है।