ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
हरिद्वार से रुड़की अपने भाई के घर आ रही एक महिला का रोडवेज बस से टप्पेबाजों ने बैग चोरी कर लिया। महिला ने बस अड्डे पर बैग की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। महिला ने बगल की सीट पर बैठे एक युवक पर शक जताया। चालक व परिचालक ने युवक की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। महिला ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की।
मूलरूप से आगरा हाल निवासी शिवालिक नगर निवासी आरती देवी पत्नी वेदप्रकाश बृहस्पतिवार को रोडवेज बस से रुड़की में रहने वाले अपने भाई के घर आ रही थीं। रुड़की बस अड्डे पर सवारियां उतरने लगी। आरती भी बस से उतरने की तैयारी करने लगी तो उनका बैग गायब था। उन्होंने इसकी जानकारी चालक व परिचालक को दी। चालक और परिचालक ने बस में बैग की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। आरती ने बगल वाली सीट पर बैठे एक युवक पर बैग चोरी करने का शक जताया। बस अड्डे और आसपास उसकी तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने अपने भाई को कॉल कर बस स्टैंड पर बुला लिया। साथ ही सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। यहां उन्होंने बताया कि बैग में करीब दो हजार की नकदी, कपड़े व एक अंगूठी थी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।