रुड़की। आर्मी के एक जवान के खाते से जालसाजों ने 84 हजार रुपये की ठगी करली । मोबाइल पर मैसेज आने पर पीड़ित को पता चला। आर्मी के जवान की ओर से कोतवाली सिविल लाइंस को तहरीर दी गई। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
गोरखपुर निवासी रतन चौरसिया ने कोतवाली सिविल लाइंस को तहरीर देकर बताया कि वह रुड़की में आर्मी में तैनात है। तीन मार्च को उसने जैसे ही सुबह को मोबाइल खोलकर देखा तो उसके मोबाइल पर 84 हजार रुपये की शॉपिग किए जाने की जानकारी का मैसेज था। मैसेज देखकर जवान के होश उड़ गए। उसने जब मामले की जानकारी बैक से की तो उसके खाते में 54 हजार रुपये वापस आ गए। इसके बाद उसने मोबाइल को बंद करके रख दिया । अगले दिन जब उसने मोबाइल खोला तो उसके मोबाइल फोन पर 54 हजार रुपये की शॉपिग किए जाने का मैसेज पड़ा था। इसके बाद उसने मामले की जानकारी अपने अधिकारियों को देने के साथ- साथ कोतवाली सिविल लाइंस को तहरीर देकर अवगत कराया। कोतवाल साधना त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।