ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
सहारनपुर के एक कंपनी मालिक ने ज्वालापुर के दो युवकों पर बैंक से करीब दो करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कंपनी मालिक ने सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही दोनों युवकों के बारे में छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सहारनपुर निवासी सुधार कुमार की स्पेक्ट्रम फारमूलेरा लिमिटेड के नाम से सहारनपुर में कंपनी है। वर्ष 2016 में उनकी मुलाकात ज्वालापुर निवासी दो युवकों से हुई थी। उन्होंने बताया था कि बैंकों में उनकी अच्छी जान पहचान है और वे लोन दिलाने का काम करते हैं। इसी बीच कंपनी का काम बढ़ाने के लिए सुधीर कुमार को करीब दो करोड़ रुपये की जरूरत पड़ी। इस पर उन्होंने ज्वालापुर निवासी दोनों युवकों से संपर्क साधा। दोनों ने सुधीर को रुड़की स्थित एक बैंक से लोन दिलाने की बात कही। साथ ही लोन दिलाने के लिए शर्त रखी कि बैंक में प्रॉपर्टी के कागज जमा करने के अलावा उन्हें भी 20 लाख का चेक गारंटी के तौर पर देना होगा।
सुधीर कुमार इस पर राजी हो गए और उन्हें 18 लाख रुपये का हस्ताक्षर किया चेक दे दिया। आरोप है कि दोनों युवक उन्हें पिछले दो साल से लोन दिलाने का झांसा देते रहे और कुछ दिन पहले रुड़की स्थित एक बैंक में चेक जमा कर 18 लाख रुपये निकाल लिए। सुधार को पता चला तो उन्होंने रकम निकालने के बारे में पूछा और रकम वापस मांगी, लेकिन दोनों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुधीर कुमार ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दूसरी पार्टी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।