ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। गोलभट्टे में दूधिये को एक युवक ने मारपीट कर हजारों रुपये छीन लिए। इसके बाद भाग निकला। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित टोडा निवासी नदीम दूध बेचता है। नदीम रोजाना की तरह गोलभट्टा में दूध बेचने गया था। आरोप है कि इस बीच गोलभट्टा निवासी एक युवक उसके पास पहुंचा और बातचीत के दौरान उसने नदीम की जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर युवक ने गाली गलौज करते हुए मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। इधर, घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों को नदीम ने मारपीट और रुपये छीनने की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही युवक की तलाश की जा रही है।