ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। दो आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बीएससी के छात्र के अब्दुल आहद की हत्या में प्रयुक्त एक डंडा और बेल्ट बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भी भेज दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की थी।
झबरेड़ा के गांव लाठरदेवा शेख निवासी बीएससी के छात्र अब्दुल आहद के साथ 12 मार्च को परीक्षा देकर लौटते वक्त कुछ युवकों ने मारपीट की थी। 15 मार्च को इजला के दौरान अब्दुल की देहरादून में मौत हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवकों पर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से मारपीट में शामिल रोहित राणा निवासी करौंदी, सलमान, रंजीत, अनुज राणा व मोहित निवासी भलस्वागाज, बल सिंह उर्फ बंटी निवासी गांव विलासपुर, थाना देवबंद जिला सहारनपुर, पंकज राणा निवासी गांव फरसौली, देवप्रयाग जिला टिहरी व हाल निवासी इकबालपुर समेत दो नाबालिगों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था।
कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि शनिवार को दो आरोपियों रोहित और अनुज राणा को रिमांड पर लिया गया था। उनकी निशानदेही पर सालियर के पास जंगल से हत्या में प्रयुक्त एक डंडा और बेल्ट बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों का रिमांड खत्म होने के बाद जेल भेज दिया गया है।