अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। एटीएम में कैश डालने पहुंचे कर्मियों से 25 लाख लूटने के आरोपी सुखविंदर और राजेंद्र को पुलिस रिमांड पर लेगी। आज शुक्रवार को पुलिस दोनों से पूछताछ करेगी। इस संबंध में पुलिस ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था।
सात अप्रैल को बीएसएम तिराहे के पास लुधियाना निवासी सुखविंदर उर्फ मोनी और झबरेड़ा निवासी राजेंद्र उर्फ मोंटी समेत चार बदमाशों ने एक निजी बैंक की कैश वैन के गार्ड को गोली मारकर 25 लाख रुपये लूट लिए थे। 19 अप्रैल को पनियाला गांव के पास मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने सुखविंदर को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान इसके पैर में गोली लगी थी। जबकि राजेंद्र को झबरेड़ा से उसके घर से ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया था। घटना के अन्य दो आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग जगह से दबोचा था। प्रार्थना पत्र के बाद बृहस्पतिवार को कोर्ट ने दोनों बदमाशों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की अनुमति पुलिस को दे दी। पुलिस इनसे लूटी रकम में से 17 लाख रुपये की बरामदगी के प्रयास करेगी। साथ ही उनके गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों की भी जानकारी जुटाएगी। गंगनहर कोतवाली प्रभारी कमल कुमार लुंठी ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेने का आर्डर मिल गया है। शुक्रवार को इनसे पूछताछ की जाएगी।