ब्यूरो/अमर उजाला, खानपुर
चंद्रपुरी गांव निवासी एक दंपति को बैंक की शाखा में पैसे निकालकर एक अजनबी शख्स को देना महंगा पड गया। ठग ने दो हजार रुपये का नकली नोट होने की बात कहकर आठ हजार रुपये पर हाथ साफ किया।
जानकारी के अनुसार, खानपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुरी बांगर गांव निवासी लखमीरा अपनी पत्नी किरण देवी के साथ कस्बा स्थित एक बैंक से रुपये निकलाने गए थे। लखमीरा के अनुसार, उन्होंने पत्नी के बैंक खाते से 33,900 रुपये निकाला और बैंक परिसर में ही खड़े होकर उन्हें गिन रहे थे। इसी बीच एक अजनबी शख्स ने ने कहा कि इस नकदी में दो हजार रुपये का नोट नकली है। इस पर लखमीरा ने उसे रुपये दिखाने के लिए दिए। बातों में उलझाकर आरोपी ने आठ हजार रुपये निकाल लिए और बाकि के रुपये लौटा दिए। इससे पहले कि दंपति कुछ समझ पाते वह बैंक से भाग निकला। नकदी में से आठ हजार रुपये कम मिले तो उन्हें ठगी का पता चला। लखमीरा ने थाने पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष दिलमोहन सिंह ने बताया कि बैंक की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।