ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की।
शराब के पैसे न देने पर एक युवक ने अपने मां-बाप के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। इतना ही नहीं उसने दोनों को एक कमरे में बंधक बना लिया। आस पास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने उन्हें कमरे से बाहर निकलवाया। युवक को हिरासत में ले लिया गया। हवालात में बंद युवक को माफी मांगने पर चेतावनी देकर छोड़ा गया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहनपुरा निवासी एक युवक को शराब की लत है। शराब खरीदने के लिए वह अक्सर अपने मां-बाप से रुपये मांगता है। रुपये न देने पर उनके साथ मारपीट करता है। शुक्रवार की रात भी युवक अपने मां-बाप से शराब के लिए रुपये मांग रहा था। बेटे की जिद से परेशान मां-बाप ने उसे रुपये तो नहीं दिए। उसे शराब छोड़ देने की नसीहत देने लगे। पैसे की जगह नसीहत बेटे को इस कदर नागवार गुजरी कि उसने मां-बाप के साथ मारपीट कर दी। युवक यहीं नहीं रुका। उसने दोनों को कमरे में बंद कर दिया। बाहर निकालने के लिए गुहार लगाने पर उसने मां-बाप की फिर पिटाई कर दी। आस पास के लोगों ने मामला पता चलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को कमरे से बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई। पुलिस ने यहां युवक को हवालात में बंद कर दिया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने घटनाक्रम की पुष्टि की।