ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर। मानकमजरा में छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपियों को गोकशी करते पकड़ा जबकि एक आरोपी भाग निकला। पुलिस ने एक कुंतल से अधिक गोमांस भी बरामद किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
मानकमजरा में गोकशी की सूचना मिलने पर एसआई प्रवीण रावत पुलिस टीम के साथ छापेमारी की। गोकशी कर रहे दो आरोपियों को गोमांस सहित पकड़ लिया। वहीं, तीसरा आरोपी मौका पाकर दीवार फांदकर भागने लगा। पीछा करते समय एसआई प्रवीण रावत दीवार फांदने पर चोटिल हो गए। वहीं, आरोपी भागने में कामयाब रहा। एसआई प्रवीण रावत ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम इनाम अली पुत्र जमील निवासी बहबलपुर और हाजी रिजवान पुत्र दोस्त मोहम्मद निवासी मानकमजरा बताया। फरार हुए आरोपी का नाम एहतेशाम पुत्र इकराम निवासी मानकमजरा है। पुलिस ने 120 किलो गोमांस और कटान के उपकरण भी बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बंदरजूड़ गांव से ढ़ाई कुंतल गोमांस बरामद
बुग्गावाला। बंदरजूड़ गांव में पुलिस ने छापेमारी कर ढाई कुंतल गोमांस बरामद किया है। वहीं, पुलिस को आता देखकर गोकशी कर रहे दोनों आरोपी भाग निकले। पुलिस ने गोमांस को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार सुबह बुग्गावाला पुलिस को सूचना मिली कि गांव बंदरजूड़ में एक ग्रामीण के घर पर गोकशी की जा रही है। पुलिस ने शलीम पुत्र मेहंदी के घर पर छापामार कर ढाई कुंतल गोमांस बरामद किया। वहीं, आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने सैंपल लेकर गोमांस को मौके पर ही गड्ढ़ा खोदकर दबा दिया। उपकरण तराजू, बाट, रस्सी आदि कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुग्गावाला थानाध्यक्ष नंद किशोर ग्वाड़ी ने बताया है कि आरोपी परवेज पुत्र सत्तार लालवाला मजबता, फकीर बस्ती, शलीम पुत्र मेहंदी निवासी बंदरजूड़ मौके से फरार हो गए। आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, गोमांस को सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।