ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
इलाज के दौरान अस्पताल में मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने कर्मचारियों पर लापरवाही का अरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह माहौल शांत कराया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बंदा रोड माहीग्रान निवासी ईनाम पहलवान की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में डायलसिस कराई जा रही थी। रविवार की सुबह परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। डायलसिस रूम में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने लापरवाही बरतते हुए गलत उपचार कर दिया। इससे उनकी मौत हो गई। मरीज की मौत होने पर अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया। नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही मुश्किल से परिजनों को समझाकर शांत किया। कोतवाली प्रभारी राजेश शाह ने बताया कि माहौल शांत होने के बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए।