चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के इंदरपुर स्थित एक सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा कक्षा पांच की तीन छात्राओं से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार को पीड़ित एक छात्रा की मां की तहरीर पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मालूम हो कि नगरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशिया गांव निवासी अरविंद कुमार सिंह गड़वार थाना क्षेत्र के इंदरपुर स्थित एक सरकारी विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं। यहां क्षेत्र की तीन छात्राएं कक्षा पांच में पढ़ती हैं। तहरीर में आरोप है कि प्रधानाध्यापक इन छात्राओं को पिछले कुछ दिनों से कार्यालय में बुलाकर छेड़खानी करता था। इसके चलते एक छात्रा दो दिन से विद्यालय नहीं जा रही थी। जब छात्रा शनिवार को भी विद्यालय नहीं गई तो परिजनों ने न जाने का कारण पूछा। इस पर उसने रोते हुए आप बीती बताई। इसके बाद परिजन व ग्रामीण आक्रोशित होकर दर्जनों की संख्या में विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामले को शांत करवाया और प्रधानाध्यापक को हिरासत में ले लिया। इस मामले में पीड़ित छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को आरोपी प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार सिंह के विरुद्घ पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।