ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
झबरेड़ा विधायक ने कुछ लोगों पर साजिश रचकर फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने का आरोप लगाया है। विधायक का कहना है कि उनकी और सरकार की प्रतिष्ठा को चोट पहुंचाने के लिए फर्जी वीडियो बनाकर वायरल किया गया है। उन्होंने झबरेड़ा थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झबरेड़ा थाने में पुलिस को दी तहरीर में भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल ने बताया कि वह झबरेड़ा से भाजपा के विधायक हैं। विधानसभा क्षेत्र में उनकी ओर से विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। इससे जनता के मन में उनके और उनके दल के प्रति स्नेह एवं सम्मान बढ़ा है। इससे उनके राजनीतिक विरोधियों के अंदर ईर्ष्या और घबराहट है। आरोप है कि अनुसूचित जाति के विधायक की ओर से कराए जा रहे विकास कार्य उनके विरोधियों को रास नहीं आ रहे हैं।
इसके चलते कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने साजिश रचकर उनकी और सरकार की प्रतिष्ठा को चोट पहुंचाने के आशय से एक फर्जी वीडियो तैयार किया है, जो वायरल हो रहा है। आरोप है कि वीडियो में एक तथाकथित हैंडपंप से गंदा पानी निकलता दिखाया गया है। साथ ही बताया जा रहा है कि यह हैंडपंप विधायक ने लगाया गया है। कर्णवाल का कहना है कि उन्होंने यह हैंडपंप नहीं लगवाया। यह फर्जी वीडियो सियासी, जातीय कारणों से तैयार कर वायरल किया जा रहा है। एसओ प्रदीप मिश्र ने बताया कि जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।