ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। एक अधिवक्ता को मोबाइल पर एक परिचित ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। अधिवक्ता ने पुलिस को गाली गलौज और धमकी देने की ऑडियो रिकॉडिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस धमकी देने वाले की तलाश कर रही है।
मंगलौर निवासी मुस्तकीम ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले एक परिचित ने उनसे केस के संबंध में वार्ता की थी। उन्होंने केस संबंधी पूरी जानकारी परिचित को दी थी। बृहस्पतिवार की रात उन्होंने परिचित के मोबाइल पर कॉल की और केस संबंधी जानकारी ली। आरोप है कि इस पर परिचित भड़क गया और गाली गलौज करने लगा। उन्होंने गाली गलौज का विरोध किया तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि अब भी वह लगातार मोबाइल पर कॉल कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। अधिवक्ता ने कोतवाली पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। जिस व्यक्ति ने गाली गलौज की उसे कोतवाली बुलाया गया है। मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।