ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। बाइक सवार बदमाशों ने सिविल लाइंस बाजार में एक युवती से सरेबाजार मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बाइक सवारों का पीछा किया, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। युवती के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित न्यू आदर्श नगर निवासी रेचल रविवार सुबह सिविल लाइंस बाजार आई थी। इस बीच उसके मोबाइल पर किसी परिचित की कॉल आई। इस पर वह पैदल चलते हुए मोबाइल पर बातचीत करनी लगी। इस बीच पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने झपटा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया और तेजी से फरार हो गए। युवती ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने युवकों की बाइक का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवारों का कुछ पता नहीं चला। इस पर युवती ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने मोबाइल पर कॉल की तो नंबर बंद आया। रविवार सुबह युवती ने परिजनों संग कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही हैै। फुटेज के आधार पर जल्द ही बाइक सवारों की तलाश की जाएगी।