अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर। कई दिन पहले कस्बे से फरार प्रेमी युगल पुलिस को परिजनों की मदद से सहारनपुर में मिल गए। प्रेमी युगल ने सहारनपुर तहसील कोर्ट में शादी की अर्जी लगाई थी, लेकिन लड़की के नाबालिग होने से शादी नहीं हो सकी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर युवक के खिलाफ किशोरी को बहला- फुसलाकर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया। पुलिस किशोरी का मेडिकल कराने के बाद उसके बयान दर्ज कराएगी।
सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के अकबरपुर ऊद गांव के एक युवक का पड़ोस में रहने वाली किशोरी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इसकी जानकारी किशोरी के परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों का मिलना जुलना बंद करा दिया। बीते दिनों प्रेमी युगल फरार हो गया। किशोरी के गायब होने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच प्रेमी युगल सहारनपुर पहुंच गया। उन्होंने वहां मैरिज रजिस्ट्रार कोर्ट में अपनी शादी का प्रार्थना पत्र दिया। लड़की का कानूनी तौर पर बालिग नहीं होने से कोर्ट ने शादी करने से इंकार कर दिया। इस बीच किशोरी के परिजनों को दोनों के सहारनपुर में होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस दोनों को सहारनपुर से यहां लेकर आई। थाने में किशोरी ने अपने परिजनों के साथ जाने से साफ मना कर दिया। वह प्रेमी युवक के साथ ही जाने की जिद पर अड़ी रही। बाद में पुलिस ने किशोरी के परिजनों की तहरीर पर प्रेमी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले के जांच अधिकारी एनके बचकोटि ने बताया कि आरोपी युवक अनुज पुत्र तेजपाल निवासी अकबरपुर ऊद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद वहां से जेल भेज दिया गया है। साथ ही किशोरी का मेडिकल करा उसके बयान लिए जाएंगे।