ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
सरेराह युवती से छेड़छाड़ कर रहे दो मनचलों को राहगीरों ने पकड़ लिया और उनकी धुनाई कर डाली। पकड़े जाने पर दोनों युवक माफी मांगते रहे, लेकिन भीड़ दोनों को पीटती रही। इसके बाद भीड़ ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही युवती के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है।
गंगनहर कोतवाली के पीछे स्थित एक कॉलोनी में एक युवती बृहस्पतिवार की शाम रास्ते से जा रही थी। इसी बीच दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। दोनों ने पीछा करने के साथ ही युवती पर अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। युवती के विरोध करने के बाद भी दोनों युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और छेड़छाड़ करते रहे। इस पर युवती ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और दोनों को पकड़ लिया। लोगों ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी। दोनों की धुनाई करने के बाद लोगों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। युवती ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी राजेश शाह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।