रुड़की। आजादनगर चौक के पास टप्पेबाजों ने एक फौजी की कार से बैग और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। फौजी ने मोबाइल पर कॉल की तो किसी महिला ने कॉल रिसीव की। इसके बाद से बंद हो गया। फौजी की शिकायत पर गंगनहर कोतवाली पुलिस पहुंची और पूछताछ की।
चमोली निवासी फौजी अनूप बिष्ट की वर्तमान में मेरठ में तैनाती है। शनिवार को वह छुट्टी लेकर अपनी कार से घर जा रहे थे। रुड़की पहुंचने पर उन्होंने आजादनगर चौक के पास कार रोकी। इसके बाद वह दुकान पर कुछ सामान लेने चले गए। इस बीच वह अपनी कार का शीशा बंद करना भूल गए। लौटने पर देखा कि कार में रखा बैग व मोबाइल गायब है। उन्होंने आसपास के दुकानदारों को बैग व मोबाइल चोरी होने की जानकारी दी। इस बीच दुकानदारों ने बताया कि उनकी कार के पास एक महिला व एक बच्चा आकर खड़े थे। अनूप ने आसपास महिला व बच्चे की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। गंगनहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आसपास दुकानदारों ने पूछताछ की और उस महिला व बच्चे की तलाश की। लेकिन उनका पता नहीं चला। अनूप ने अपने दूसरे मोबाइल से कॉल की तो किसी महिला ने कॉल रिसीव की। इसके बाद महिला ने फोन बंद कर दिया। बाद में अनपू अपनी कार लेकर चमोली के लिए रवाना हो गए।