ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर। स्कूल से लौट रही छात्रा के साथ गांव के ही एक युवक ने रास्ता रोककर छेड़छाड़ कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर आ पहुंचे। जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने लक्सर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी गांव में स्थित एक स्कूल में पढ़ती है। उसने बताया कि एक युवक पिछले कुछ दिनों से उसकी बेटी पर स्कूल आते जाते समय अश्लील फब्तियां कसता था। छात्रा की शिकायत पर परिजनों ने युवक के परिजनों से मामले की शिकायत की। इसके बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। शनिवार को उसकी बेटी स्कूल से अपने घर वापस लौट रही थी। आरोप है कि इस बीच युवक ने उसकी बेटी का रास्ता रोककर छेड़छाड़ कर दी। बेटी ने खुद को बचाने के लिए शोर मचा दिया। छात्रा का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए। जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गया। छात्रा ने घर पहुंचकर युवक के बारे में जानकारी दी। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।