अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर।
मंगलवार देर शाम जामा मस्जिद के निकट बम मिलने की सूचना पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मस्जिद के आस-पास निवास करने वाले लोगों से सुरक्षा के लिहाज से मकान खाली करा दिए। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक यह सुतली बम था, जिसे पूरी तरह निष्क्रिय करने के बाद जांच के लिए भेज दिया गया।
लक्सर कस्बे के मेन बाजार स्थित जामा मस्जिद के पास अंशु गुप्ता पुत्र गोविंद दास गुप्ता का मकान है। मंगलवार देर शाम अंशु को अपने घर पहुंचने पर बरामदे में रस्सियों से लिपटी हुई बमनुमा वस्तु दिखाई दी। उसे देखते ही उसने शोर मचा दिया तथा परिजनों को बाहर निकलने को कहा। उन्होंने इसकी जानकारी लक्सर चौकी प्रभारी को दी। सूचना मिलते ही लक्सर कस्बा चौकी प्रभारी मनोज सिरोला मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने बमनुमा वस्तु पर परिवार वालों के साथ मिलकर पानी डालकर उसे नष्ट कर दिया। बुधवार सुबह लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमर चंद शर्मा व पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने जामा मस्जिद के निकट रह रहे लोगों को अपना मकान खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा। इसी बीच हरिद्वार से बम निरोधक दस्ते के प्रभारी केहर सिंह राणा भी टीम सहित मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते ने बम को अपने कब्जे में ले लिया तथा कोतवाली के पास खाली जगह में उसे निष्क्रिय कर दिया। टीम ने बम को निष्क्रिय करने के साथ ही उसे जांच के लिए लैब भेज दिया।
जामा मस्जिद के निकट पटाखे के रूप में सुतलीनुमा बम था, जो आमतौर पर पटाखा फोड़ने के काम में आता है। बम जैसी कोई वस्तु नहीं थी। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते से भी जांच कराई गई, लेकिन बम होने की पुष्टि नहीं हुई।
- मणिकांत मिश्रा, एसपी देहात