लक्सर में झगड़े के बाद इलाज करवाते घायल हुआ पार्किंग ठेकेदार का बेटा।
- फोटो : ROORKEE
लोडर की पार्किंग के पैसे मांगने को लेकर पार्किंग ठेकेदार लोडर चालक में मामूली कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी इश्तियाक के पास लक्सर नगर पालिका में पार्किंग का ठेका है। दो दिन पहले इश्तियाक पक्ष का युवक लक्सर कस्बे के ओवरब्रिज के नीचे खड़े होने वाले व्यावसायिक लोडर चालकों से पार्किंग की वसूली कर रहा था। इस बात को लेकर उनमें बहस हो गई। वाहन चालकों का कहना था कि यदि वह अपने वाहन में माल लोड या अनलोड करते हैं तो ही पार्किंग के पैसे देंगे। खाली खड़े वाहन का पार्किंग का पैसा नहीं देंगे। जबकि इस्तियाक पक्ष के युवक कहना था कि वह सौ रुपये प्रति गाड़ी के हिसाब से पैसे लेंगे। इस दौरान आसपास के लोगों के बीच बचाव करने पर दोनों पक्ष शांत होकर वापस चले गए। बुधवार को इश्तियाक के बेटे उस्मान व रहमान फिर से टेंपो चालकों से पार्किंग के पैसे वसूलने के लिए आए थे। इसी बात को लेकर उन दोनों में दोबारा कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान उस्मान, रहमान और लोडर चालक कुलवंत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। चौकी के दारोगा यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि सभी घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।