मंगलौर बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्त?
- फोटो : ROORKEE
बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने पैदल मार्च निकालकर विरोध भी जताया।
बुधवार को पूर्व दर्जाधारी आदित्य राणा और कांग्रेस नेता मरगूब कुरैशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मंगलौर बस स्टैंड पर एकत्रित हुए। इस दौरान आदित्य राणा ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई बेलगाम हो गई है। बेरोजगारी भी चरम सीमा पर पहुंच गई है। केंद्र और प्रदेश सरकार महंगाई रोकने और युवाओं को रोजगार देने में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश की जनता की कमर टूट चुकी है।
इस बार जनता हरीश रावत के नेतृत्व में बदलाव का मन बना चुकी है। मरगूब कुरैशी ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था, लेकिन रोजगार देना तो दूर और उनका रोजगार छीनने का कार्य किया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव परवेज अहमद ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देखकर सत्ता से बेदखल करेगी। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजीव राठौर, मोहिउद्दीन अंसारी, पारस चौधरी, नईम कुरैशी, गुलशाद कुरैशी, दानिश अली, फरमान, राहत अली मौजूद रहे।