देशभर में अग्निपथ के विरोध में युवाओं के विरोध को देखते हुए रुड़की और देहात में भी पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। एसएसपी की ओर से पुलिस को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रुड़की और देहात में सभी कोतवाली व थाना प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले कोचिंग सेंटरों की सूचना मांगी गई है।
अग्निपथ के विरोध में यूपी के कई जिलों में हाईवे जाम से लेकर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी घटनाओं को लेकर हरिद्वार पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। पुलिस अधिकारियों की ओर से सभी थानों और कोतवाली प्रभारियों को ऐसे विरोध पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच पुलिस के रडार पर शहर और देहात के कोचिंग सेंटर भी आ गए हैं। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह की ओर से सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले कोचिंग सेंटरों के नाम व संख्या के साथ ही कितने युवा सेना की तैयारी कर रहे हैं। इसके बारे में जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रदर्शन की भनक लगने पर युवाओं को समझाने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में शुक्रवार को एसएसपी की ओर से अधीनस्थों की ऑनलाइन बैठक भी ली गई। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है।
अग्निपथ को लेकर हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। कोचिंग सेंटरों पर युवा सेना की तैयारी कर रहे हैं इसलिए कोचिंग सेंटरों की सूची मांगी जा रही है। -प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी देहात