शहर के अधिकतर स्कूलों में डेढ़ साल बाद सोमवार से एलकेजी और यूकेजी के बच्चे कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करेंगे। इसके लिए स्कूल प्रबंधकों ने सभी तैयारियां कर ली हैं। मामला छोटे बच्चों का है, लिहाज कोई कोताही नहीं बरतना चाहते हैं। कक्षाओं को सैनिटाइज करवा दिया गया है। साथ ही स्पष्ट कर दिया गया है कि बिना मास्क के किसी बच्चे को एंट्री नहीं दी जाएगी।
अगस्त में शहर के अधिकतर स्कूलों में कक्षा एक से 12वीं तक की पढ़ाई शुरू हो गई थी। वहीं, एलकेजी और यूकेजी के बच्चे अभी तक घरों में रहकर ही ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। अब कोरोना के मामले न के बराबर होने पर निजी स्कूल प्रबंधकों ने छोटे बच्चों के लिए भी स्कूल खोलने का फैसला लिया है। आज सोमवार से शहर के अधिकतर स्कूलों में एलकेजी और यूकेजी की भी ऑफलाइन पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए रविवार को स्कूलों में छोटे बच्चों की कक्षाओं को सैनिटाइज किया गया। सीटों को छह-छह फीट की दूरी पर लगाया गया है। सीबीएसई रुड़की जोन की कोऑर्डिनेटर माला चौहान ने बताया कि स्कूल प्रबंधकों से अनुरोध किया गया है कि वे बिना मास्क के बच्चों को प्रवेश न दें।