रुड़की। संग्रह अमीन की मां से चेन लूट का आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करा रही है। वहीं, पुलिस ने तहरीर के आधार पर चेन लूट मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मकतूलपुरी निवासी संग्रह अमीन अरुण शर्मा की मां सत्यवती शर्मा से बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे एक बदमाश ने चेन लूट ली थी। लूट की घटना से पुलिस में अफरातफरी मच गई थी। संग्रह अमीन की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। वहीं, पुलिस ने बदमाश की तलाश के लिए गली के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस बीच बदमाश एक कैमरे में कैद हो गया। बताया जा रहा है कि लूट की घटना से पहले बदमाश गली में जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान करा रही है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही फुटेज के आधार पर युवक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।