मंगलौर सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के बाद कोतवाली में खड़ी गुड़ से भरी ट्रैक्टर-ट्राली व मृतक क?
- फोटो : ROORKEE
बाइक सवार को टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, बुधवार देर शाम मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
मंगलवार देर शाम कांवड़ पटरी से नारसन की ओर जा रहे तस्लीम (30) को गुड़ से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी थी। उपचार के दौरान देर शाम सिविल अस्पताल रुड़की में युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार देर रात मृतक के पिता नसीम निवासी पीरगढ़ी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक ज्ञान सिंह निवासी बूढ़पुर नूरपुर ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके बेटे की बाइक में टक्कर मार दी थी। आरोपी के ट्रैक्टर में लाइट और नंबर प्लेट भी नहीं है। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
पिता नसीम ने बताया कि उनका बेटा पशुओं का चारा बेचता था। मंगलवार देर शाम वह गुरुकुल नारसन में नहर पटरी होते हुए किसी व्यक्ति से पैसे लेने जा रहा था। इसी दौरान लिब्बरहेड़ी और नसीरपुर के बीच गंगनहर की पटरी पर गुड़ से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं और वह घर का इकलौता चिराग था। युवक की मौत से परिवार सहित रिश्तेदारों में भी कोहराम मचा हुआ है।