मामूली कहासुनी को लेकर युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की धरपकड़ के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं बताया जा रहा है कि एम्स ऋषिकेश में भर्ती घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
सोमवार रात करीब आठ बजे प्रदीप निवासी हथियाथल गांव में ही अपने दर्जी की दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही ऋषभ नामक एक युवक से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि मामूली कहासुनी में ही ऋषभ ने अपनी जेब से तमंचा निकालकर उसे गोली मार दी और फरार हो गया।
पेट में गोली लगने से प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान होकर सड़क पर ही गिर गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसी दौरान किसी ने घटना की सूचना मंगलौर पुलिस को दी। साथ ही घायल को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर मंगलौर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस में गंभीर रूप से घायल प्रदीप को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां चिकित्सकों ने पेट में गोली लगे होने से उसकी हालत को चिंताजनक देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। मामले में मंगलवार को घायल युवक के भाई अनिल कुमार ने नामजद आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर ऋषभ निवासी हथियाथल के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, घायल प्रदीप के भाई अनिल कुमार ने बताया कि प्रदीप का इलाज चल रहा है लेकिन अभी हालत नाजुक बनी हुई है।