दूध और सरसों के तेल के सैंपल फेल होने पर तीन दुकानदारों सहित एक कंपनी पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है। ये सैंपल पिछली बार दीपावली पर लिए गए थे। इसके साथ ही रक्षाबंधन पर लिए गए रसगुल्ले के सैंपल प्रथम जांच में फेल होने पर संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष सिंह ने बताया कि अक्सर दीपावली, होली और अन्य त्योहारों पर नकली खाद्य सामान बनाने वाले लोग सक्रिय हो जाते हैं। इसको लेकर विभाग हर साल त्योहारी सीजन में चेकिंग अभियान चलाता है। इसी के तहत पिछले साल दीपावली पर रामपुर चुंगी स्थित एक दुकान से एक कंपनी के सील बंद दूध का सैंपल लिया गया था। इस सैंपल की प्रयोगशाला में जांच करवाई गई, जिसमें सैंपल फेल हो गया है। ऐसे में दुकानदार और कंपनी पर केस दर्ज कराया गया है।
दीपावली पर ही भगवानपुर की एक दुकान से दूध का सैंपल लिया गया था। इसमें फैट निर्धारित मात्रा से कम पाया गया था। इस दुकानदार पर भी केस दर्ज कर लिया है। वहीं, जुुलाई में झबरेड़ा स्थित एक तेल कोल्हू से लिए गए सैंपल भी फेल हो गए हैं। कोल्हू मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करवाया गया है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर एक झबरेड़ा के प्रतिष्ठान से रसगुल्ले का सैंपल लिया था। प्रथम जांच में ये सैंपल फेल हो गया है। इसलिए दुकानदार को नोटिस जारी किया गया है। यदि दुकानदार चाहे तो एक माह के अंदर वह सैंपल की दोबारा जांच करवा सकता है। इसमें भी सैंपल फेल हुआ तो केस दर्ज करवाया जाएगा।