कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी के जिला प्रभारी ने कलियर पहुंचकर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से कई मुद्दों पर रायशुमारी की। साथ ही कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं।
सोमवार को कलियर पहुंचे जिला प्रभारी सरवर खान का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद चुनाव के लिए मैनिफेस्टो तैयार करने पर चर्चा हुई। कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद ने इमलीखेड़ा में कन्या इंटर कॉलेज, इमलीखेड़ा व मरगूबपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण कराने, फैक्टरियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार, पुरानी गंगनहर के क्षतिग्रस्त पुल का जीर्णोद्धार, गन्ना किसानों को गन्ना मूल्य 360 रुपये देने, कलियर को पांचवां धाम घोषित कर उर्स को सरकारी मेला घोषित करने सहित आदि सुझाव दिए। हज कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी राव शेर मोहम्मद ने कलियर में अल्पसंख्यकों के लिए एक यूनिवर्सिटी बनाने का सुझाव दिया। जिला प्रभारी ने कहा कि जो सुझाव मिले हैं, उन्हें हाईकमान को सौंपा जाएगा। इस दौरान पूर्व दर्जाधारी हाजी सईद हसन, सुभाष सैनी, साहिल राणा, जगपाल सिंह, विकास सैनी, भानु प्रताप, संदीप सैनी, राकेश कुमार, नाजिम त्यागी, गुलसाद सिद्दीकी, फरीदा मौजूद रहे।