फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अतिक्रमण हटाकर शुरू कराया हाईवे बाईपास निर्माण कार्य

विज्ञापन
विज्ञापन
लंढौरा। आखिरकार दिल्ली-देहरादून हाईवे के मंगलौर बाईपास के निर्माण का काम प्रशासन ने एक बार फिर शुरू करा दिया है। शुक्रवार को उपजिलाधिकरी गोपाल सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर रास्ते में आ रहे एक अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया और ग्रामीणों को काम में बाधा डालने पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए काम शुरू करा दिया। इस दौरान अधिग्रहित भूमि में बोई गई फसल को भी साफ करा दिया गया। हाईवे बाईपास निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य 25 नवंबर तय किया गया है।
विज्ञापन

विगत 10 जनवरी को हाईवे के निर्माण के दौरान शुरू हुए काम को अगले ही दिन नगलाइमरती में किसानों ने मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर चौड़ीकरण का कार्य रुकवा दिया था। इसके लिए किसानों ने कई दिन तक धरना भी दिया था। शुक्रवार को एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने अधिग्रहण की गई भूमि में बने एक भवन को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। साथ ही यहां खड़ी कई बीघा फसल को भी नष्ट करा दिया। इस दौरान एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने बताया कि किसानों से वार्ता के बाद उन्हें समझाया गया है कि हाईवे निर्माण से उन्हें फायदा मिलेगा। साथ ही उनकी जो भी समस्याएं हैं, उन्हें उच्च स्तर पर भेजकर समाधान कराया जाएगा। इसके बाद हाईवे निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। इस दौरान कानूनगो राजेश त्यागी और मंगेश त्यागी के अलावा पुलिस बल तैनात रहा। वहीं नेशनल हाईवे प्राधिकरण के जनसंपर्क अधिकारी अतुल शर्मा ने बताया है कि संबंधित कंपनी को 25 नवंबर 2020 तक निर्माण कार्य पूरा करने का समय दिया गया है। उन्होंने बताया है कि सोलानी नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका 40 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही नगला इमरती गांव में भी नदी पर रेलवे का पुल बनाया जाना है। इसमें रेल विभाग से भी सहायता ली जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें