रुड़की। रोडवेज की अनियंत्रित बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन बाइक सवार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित शास्त्रीनगर गली नंबर चार निवासी विवेक शर्मा शनिवार रात करीब आठ बजे बाइक से मिलिट्री चौक से गुजर रहे थे। इसी बीच हरियाणा डिपो की बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह हाईवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो चालक बस लेकर फरार हो गया। लोगों ने घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया और सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि मिलिट्री चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे से बस का नंबर पता लगाया जा रहा है। तहरीर आने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।