लक्सर में पत्रकारों से वार्ता करते भाकियू अंबावत के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिपाल अंबावत व अन्य।
- फोटो : ROORKEE
भाकियू (अंबावत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिपाल अंबावत ने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के फायदे के लिए किसान, मजदूर और आमजन को हाशिये पर ले जा रही है। उन्होंने सरकार को किसान विरोधी बताया। कहा कि पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभाओं चुनावों में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
शुक्रवार को मुबारिकपुर गांव में आयोजित बैठक में ऋषिपाल अंबावत ने कहा कि किसान अपनी जायज मांगों को लेकर दिल्ली में कई महीनों से डटे हुए हैं, लेकिन गूंगी बहरी सरकार उनकी सुनने को तैयार नहीं है। सरकार के प्रतिनिधि किसानों को खालिस्तानी और गुंडे बता रहे हैं। आंदोलन करने वाले यदि किसान नहीं हैं तो सरकार अपने प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए क्यों भेज रही है। कहा कि उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, पंजाब और उसके बाद यूपी में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। भाजपा सरकार की हठधर्मिता का जनता चुनाव में मुंहतोड़ जवाब देगी। चुनावों में संयुक्त मोर्चा के प्रत्याशी उतारने के बारे में उन्होंने कहा कि इसका निर्णय होना अभी बाकी है। इस दौरान नितिन चौधरी नीलू, रामपाल अंबावत, योगेश चौधरी, देवेश राणा, संदीप चौधरी, सुधांशु, नीलम चौधरी, मोनू, योगेंद्र चौधरी, कोमल रानी, शिवानी, अमरीश कुमार, मोहन त्यागी, इमरान, सिताब सिंह, बिजेंद्र चौधरी, कदम सिंह सैनी और निसार अहमद आदि मौजूद रहे।