उपशिक्षा अधिकारी के प्राथमिक स्कूल के औचक निरीक्षण में गैरहाजिर मिलने और देरी से आने सहित अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर चार शिक्षकों को नोटिस जारी किया है। साथ ही स्कूल के अन्य दस्तावेज भी दुरुस्त नहीं मिले। ऐसे में उन्होंने चारों शिक्षकों से सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
शनिवार को उपशिक्षा अधिकारी सावेद आलम ने रुड़की नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नंबर-16 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्कूल में निर्धारित समय साढ़े नौ बजे तक कोई भी शिक्षिका मौजूद नहीं थीं। इसके बाद दो शिक्षिकाएं 15 मिनट देरी से और एक शिक्षिका आधे घंटे देरी से पहुंचीं जबकि एक शिक्षिका मौजूद नहीं थी। इसके अलावा विद्यालय में अनेक अनियमितताएं पाई गईं। शिक्षा विभाग की ओर से गणवेश का पैसा आया है लेकिन अभी तक छात्र-छात्राओं को इसका लाभ नहीं दिया गया है। मिड-डे मील योजना की पंजिका एक मार्च के बाद से अधूरी पड़ी हुई मिली।
शिक्षा विभाग की ओर से निशुल्क पाठ्य पुस्तकों की धनराशि विद्यालय में पहुंच गई है लेकिन इसका लाभ बच्चों को नहीं दिया गया। विद्यालय में 105 बच्चे पंजीकृत हैं जबकि मौके पर केवल 17 ही मौजूद मिले। उपशिक्षा अधिकारी सावेद आलम ने बताया कि बच्चों की इतनी कम संख्या शिक्षिकाओं के देरी से स्कूल आने के कारण है। ऐसे में उन्होंने चारों शिक्षिकाओं से सात दिन के अंदर जवाब तलब किया है। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर शिक्षिकाओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।