दिल्ली की युवती ने झबरेड़ा के एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक ने मोबाइल से चोरी-छिपे युवती का अश्लील वीडियो भी बना लिया और अब ब्लैैकमेल कर पैसे मांग रहा है। युवती ने पिता के साथ मंगलौर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
नई दिल्ली के दक्षिणी पुरी क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक साल पूर्व उसकी ओला पार्टी एप पर झबरेड़ा क्षेत्र के एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों की एप पर बातचीत होने लगी। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को अपने मोबाइल नंबर दे दिए और बातचीत होने लगी। इस बीच युवक ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे युवती ने स्वीकार कर लिया। आरोप है कि युवक ने उसे कुछ दिन पूर्व रुड़की बुलाया था। वह रुड़की आई तो युवक उसे बाइक पर बैठाकर मंगलौर के एक होटल में ले गया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे मोबाइल से उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
उसने शादी की बात कही तो युवक ने बहाना बना दिया। इसके बाद वह दिल्ली आ गई। उसने शादी करने का दबाव बनाया तो युवक ने उसे व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेजकर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही ब्लैकमेल कर 25 हजार रुपये लिए। आरोप है कि युवक लगातार उसे ब्लैकमेल करने लगा और पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। सोमवार को युवती अपने पिता के साथ मंगलौर कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। मंगलौर कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। युवक और उसके परिजनों को बुलाया गया है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।