राशन डीलरों ने एसडीएम से मिलकर विपणन विभाग के गोदाम पर हर महीने 15 लाख रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप लगाया। कहा कि गोदाम में खाली बोरों का कोई हिसाब-किताब नहीं दिया जाता है।
बृहस्पतिवार को राशन डीलरों ने एसडीएम वैभव गुप्ता से तहसील पहुंचकर मुलाकात की। राशन डीलरों ने शिकायती पत्र देते हुए कहा कि उन्हें टिक्कमपुर के एसएमआई गोदाम से गेहूं और चावल मिलता है। हर बोरे के वजन के बदले डीलर को करीब एक किलो राशन अलग से देने का नियम है, लेकिन गोदाम प्रभारी बोरे के वजन का राशन डीलरों को नहीं दे रहे हैं। आरोप लगाया कि गोदाम में हर महीनों लाखों का घोटाला किया जा रहा है। राशन डीलरों ने एसडीएम से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने राशन डीलरों को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष मांगेराम, प्रवीण कुमार, जोध सिंह, राजपाल सिंह, नरेंद्र कुमार, राजेश धीमान, राजवीर, अमरीश कुमार, सोविंद कुमार, तेजपाल, धर्म सिंह, पाल सिंह, ओमपाल आदि मौजूद रहे।