भगवानपुर क्षेत्र स्थित क्वांटम कालेज में आयोजित दीक्षांत समारोह में छात्रा को डिग्री देते अतिथ?
- फोटो : ROORKEE
क्वांटम विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह शनिवार को विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित किया गया। इस दौरान 624 छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों में स्नातक, स्नातकोत्तर व डिप्लोमा में उपाधि प्रदान की गई। इसमें एक छात्रा को चांसलर पदक, 12 छात्रों को स्वर्ण पदक, सात को रजत पदक और चार छात्रों को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। साथ ही हॉकदेव टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रक्षित टंडन को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। समारोह में शामिल नहीं हो पाए मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने ऑनलाइन संवाद कर उपाधि हासिल करने वाले छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के शुरुआत में अतिथियों की अगुवाई में शिक्षाविदों एवं शिक्षकों द्वारा गाजे-बाजे के साथ शैक्षणिक जत्था निकाला गया। दीक्षांत समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलगीत को प्रस्तुत किया गया। क्वांटम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अजय गोयल ने दीक्षांत समारोह के उद्घाटन के साथ औपचारिक शुरुआत की घोषणा की और भविष्य की शुभकामनाओं के साथ डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कुलपति डॉ. विवेक कुमार ने उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह के संदेश को पढ़कर सुनाया। साथ ही विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अपनी रिपोर्ट में उन्होंने अनुसंधान, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छात्रों की उपलब्धियों और समग्र विकास के लिए एक गतिशील पाठ्यक्रम के विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने उल्लेख किया कि यह क्वांटम विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह है। इसके बाद स्नातकों को विशिष्ठ अतिथि ने डिग्री और मेडल से सम्मानित किया। इस दौरान रक्षित टंडन को साइबर सिक्योरिटी विषय पर सराहनीय शैक्षणिक योगदान के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। समारोह में विशिष्ठ अतिथि त्रिनिदाद-टोबैगो गणराज्य के उच्चायुक्त डॉ. रोजर गोपाल ने आत्मनिर्भर भारत मुहिम में युवाओं के योगदान पर जोर दिया। उन्होंने विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और गतिशील पाठ्यक्रम के लिए क्वांटम विश्वविद्यालय की प्रशंसा की। समारोह में आईएमटी गाजियाबाद के निदेशक डॉ. विशाल तलवार क्वांटम स्कूल ऑफ बिजनेस के निदेशक डॉ. राकेश प्रेमी और क्वांटम स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. गुलशन चौहान आदि व्यक्ति रहे।
सबसे अधिक ऑटोमोटिव मैन्यूफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी के छात्रों को मिली डिग्री
समारोह में विश्वविद्यालय ने (थर्मल-स्ट्रक्चरल एवं कंप्यूटर) साइंस के नौ छात्रों को एमटेक की उपाधि, कंप्यूटर एप्लीकेशन के 22 छात्रों को एमसीए उपाधि, 49 छात्रों को एमबीए उपाधि, विषय (न्यूट्रीशन एवं डाइटिक्स) में आठ छात्रों को एमएससी उपाधि, छह छात्रों को मेरिटाइम मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा, 35 छात्रों को बीसीए, 66 छात्रों को बीबीए, 57 छात्रों को बीकॉम उपाधि, पत्रकारिता एवं अर्थशास्त्र विषय में 21 छात्रों को बीए, 35 छात्रों को बीएससी,157 छात्रों को ऑटोमोटिव मेन्यूफेक्चरिंग टेक्नोलॉजी में बैचलर इन वोकेशनल उपाधि, 155 छात्रों को डिप्लोमा एवं चार छात्रों को पीजी डिप्लोमा इन होटल मैनेजमेंट की उपाधि से सम्मानित किया गया।