खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने देहरादून में मुख्यमंत्री से मिलकर अतिवृष्टि के कारण आई आपदा से खानपुर क्षेत्र में हुए नुकसान पर चर्चा की। उन्होंने फसलों के मुआवजे के लिए बने मानकों का गलत बताते हुए मांग कहा कि सरकार विधायकों के माध्यम से हर किसान को दो लाख रुपये की मदद दे।
खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने शनिवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। सीएम को ज्ञापन देकर बताया कि पिछले सप्ताह कई दिन तक लगातार बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों के साथ मैदान में भी बहुत नुकसान हुआ है। खासकर खानपुर का खादर क्षेत्र ज्यादा प्रभावित हुआ है। गंगा और सोलानी नदी के बीच में होने के कारण यह क्षेत्र संवेदनशील है। इस बार भी बाढ़ के पानी से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मानकों के आधार पर मिले मुआवजे से किसान खेत की तैयारी तक नहीं कर सकता है। विधायक ने मुआवजे के मानकों में वर्तमान समय की लागत को देखते हुए संशोधन करने पर जोर दिया। साथ ही मांग की कि सरकार आपदा से प्रभावित हर किसान को दो लाख रुपये की सहायता राशि क्षेत्रीय विधायकों के माध्यम से वितरित कराए। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फसलों के नुकसान की जानकारी ली
खानपुर। भाकियू (अंबावता) के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को शेरपुर बेला गांव के पास बाणगंगा नदी के तटबंध टूटने से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी सहदीप सिंह, राष्ट्रीय महासचिव नितिन चौधरी नीलू के साथ सुधांशु चौधरी सीटू, ओमवीर चौहान, परविंदर सिंह, कुलदीप चौधरी, दिलशाद, मनोज सैनी, मनोज चौहान शेरपुरबेला गांव पहुंचकर कृषि भूमि के नुकसान का जायजा लिया। किसान नेताओं ने ग्रामीणों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराने का भरोसा दिया। बाद में उन्होंने लक्सर एसडीएम वैभव गुप्ता से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा। संवाद