ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
लिब्बरहेड़ी शुगर मिल ने सात दिन का करीब दस करोड़ किसानों का बकाया भुगतान गन्ना समितियों को जारी कर दिया है। अब समितियों के माध्यम से भुगतान की रकम किसानों के खातों में भेजी जाएगी। गन्ना समितियों ने किसानों के खातों में भुगतान भेजने के लिए आरटीजीएस करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पिछले दिनों लिब्बरहेड़ी शुगर मिल ने गन्ना मंत्री प्रकाश पंत के समक्ष वर्तमान पेराई सत्र का 40 दिन का भुगतान करने का वादा किया था। पिछले दिनों शुगर मिल की ओर से करीब 32 करोड़ का भुगतान जारी किया गया था। वहीं, जल्द ही और दस करोड़ भुगतान जारी करने का आश्वासन दिया गया था। शुक्रवार को लिब्बरहेड़ी शुगर मिल ने लिब्बरहेड़ी, इकबालपुर, ज्वालापुर और लक्सर गन्ना विकास समिति को करीब दस करोड़ के चेक जारी कर दिए। इसमें करीब सात करोड़ लिब्बरहेड़ी गन्ना समिति का है।
यह भुगतान आठ से 14 दिसंबर तक का है। शुक्रवार शाम को गन्ना समितियों को चेक भेजे गए हैं, लेकिन शनिवार को गणतंत्र दिवस होने के चलते चेक सोमवार को खाते में लग पाएंगे। बुधवार को किसानों के खातों में भुगतान पहुंचने की उम्मीद है। जिला सहायक गन्ना आयुक्त शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शुगर मिल ने सभी समितियों को दस करोड़ का भुगतान जारी किया है।