ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
दिल्ली में आयोजित स्कॉच समिट में उत्तराखंड के नगर निकायों में से रुड़की नगर निगम की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट का चयन किया गया है। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग पिथौरागढ़ की ओर से प्रस्तुत दो रिपोर्ट भी चयनित हुई है। समिट में देशभर से आईं 60 रिपोर्ट का चयन हुआ है। अब स्कॉच अवार्ड के लिए ट्विटर पर ऑनलाइन पॉपुलर वोटिंग कराई जा रही है। जिस रिपोर्ट को ज्यादा लाइक मिलेंगे, उसे स्कॉच अवार्ड से नवाजा जाएगा। आज शाम तक ट्विटर पर वोट किया जा सकता है।
स्कॉच एक थिंक टैंक ग्रुप है, जो सामाजिक, आर्थिक, विज्ञान एवं तकनीकी आधारित प्रोजेक्ट एवं शोध आदि को बढ़ावा देता है। इसके लिए ग्रुप हर साल समिट का आयोजन करता है। इसमें विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं को देश के विकास के लिए विभिन्न विषयों पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इसके लिए नगर निगम रुड़की ने भी 31 दिसंबर को स्मार्ट सिटी इनोवेशन विद सस्टेनेबल ग्रोथ विषय पर रिपोर्ट भेजी थी। 22 जनवरी को दिल्ली में आयोजित समिट में मुख्य नगर अधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने रिपोर्ट पर प्रस्तुतीकरण दिया। उत्तराखंड से रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाला रुड़की पहला निकाय है। वहीं उत्तराखंड से ग्राम विकास विभाग पिथौरागढ़ की दो रिपोर्ट भी चयिनत हुई है। मुख्य नगर अधिकारी अशोक पांडेय ने बताया प्रस्तुतीकरण के बाद धनबाद, राजकोट, केरल, कोरबा, छत्तीसगढ़, भिलाई, रायपुर और उत्तराखंड की 60 रिपोर्ट को चयनित किया गया है। इसके बाद अब स्कॉच अवार्ड के लिए ट्विटर पर ऑनलाइन पॉपुलर वोटिंग शुरू हो गई है, 26 जनवरी की शाम पांच बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद परिणाम घोषित होंगे।
निगम को जिताने के लिए ऐसे करें वोटिंग
पहले गूगल पर vote.skoch.in सर्च करें। फिर टॉप बॉक्स में लॉग इन ऑप्शन पर क्लिक करें। इसके बाद नीचे रजिस्ट्रेशन के ऑप्शन पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करें। अब आप रजिस्टर्ड किए गए ई मेल के जरिये व्यू नॉमिनेशन ऑप्सन से साइन इन थ्रू ट्विटर पर जाकर वोट किया जा सकता है।