एम्स में येलो फीवर टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ करते एम्स निदेशक प्रोफेसर अरविंद राजवंशी।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में यैलो फीवर टीकाकरण केंद्र (वाईवीएफ़सी) शुरू हो गया है। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर अरविंद राजवंशी व संकायाध्यक्ष (शैक्षणिक) प्रो. मनोज गुप्ता ने संयुक्तरूप से केंद्र की शुरूआत की।
येलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर एम्स के सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग की ओर से कक्ष संख्या-04, ग्राउंड फ्लोर, ब्लॉक- सी में संचालित किया जाएगा। वैक्सीनेशन सेंटर में कार्य दिवस वाले प्रत्येक गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक टीकाकरण किया जा सकेगा। संस्थान की ओर से टीकाकरण एवं प्रमाणपत्र प्राप्ति का शुल्क प्रतिव्यक्ति तीन सौ रूपए निर्धारित किया गया है। वैक्सीनेशन कार्ड की वैधता टीकाकरण के दस दिन बाद शुरू होगी तथा जीवनपर्यंत वैध रहेगी। संस्थान ने बताया गया है कि दक्षिण अमेरिका तथा अफ्रीकी देशों के इच्छुक यात्री येलो फीवर वैक्सीनेशन के लिए एम्स ऋषिकेश की वेबसाइट https://aiimsrishieksh.edu.in/college&Centres/Community and Family Medicine/ Yellow Fever Vaccination पर अपना पंजीकरण करा कर अपॉइंटमेंट ले सकते हैं।
इस मौके पर संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अश्वनी कुमार दलाल, सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रोफेसर वर्तिका सक्सेना, प्रभारी संकाय (वाईवीएफ़सी) डॉ. स्मिता सिन्हा, एनएचएम, उत्तराखंड के प्रतिनिधि व स्टेट इम्यूनाइजेशन ऑफिसर डॉ. कुलदीप मार्तोलिया, सहायक निदेशक आईटी हैल्थ डॉ. आशुतोष भारद्वाज आदि थे।