ऋषिकेश। देहात क्षेत्र के लिए विश्व बैंक पोषित 67.28 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पेयजल योजना का विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर गुमानीवाला के अमितग्राम में नई पाइप लाइन बिछाए जाने के कार्य में पुरानी लाइन में लापरवाही होने पर अधिकारियों को फटकार लगाईं।
मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष ने अमितग्राम गली नंबर 27 और 31 में जल संस्थान के अधिकारियों के साथ मिलकर स्थलीय निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में लापरवाही के चलते नई पाइप लाइन बिछाये जाने के कारण, पुरानी पाइप लाइन पूर्ण रूप से टूट जाने से लोगों के घरों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जल्द ही पुरानी पाइप लाइनों को ठीक करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि देहात क्षेत्र में इस योजना से इंदिरानगर, नेहरूग्राम, प्रगतिविहार, शैलबिहार, मनसा देवी, गुर्जर प्लॉट, अमितग्राम (पूरब), अमित ग्राम (पश्चिम), 20 बीघा, मीरानगर, बापूग्राम, सुमन बिहार, गीतानगर, मालवीयनगर, शिवाजी नगर के लोगों को लाभ मिलेगा। दो वर्ष के अंदर योजना परवान चढ़ेगी।
इस मौके पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज, सहायक अभियंता अरुण विक्रम सिंह रावत, केएलसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर वीरभद्र, सहायक प्रोजेक्ट मैनेजर पीयूष सिन्हा, वीरेंद्र रमोला, विपिन पंत, महावीर प्रसाद अंथवाल, प्रदीप जोशी, दाताराम भट्ट, संगीता थपलियाल, अंजू गैरोला, एसके गुप्ता, धाम सिंह रावत, आशीष थपलियाल, अनूप बडोनी, राज कोठारी, गोपाल सिंह आदि थे।