पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल सभागार में भारतीय साहित्य संगम की ओर से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, पुस्तक विमोचन और सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कवियों और साहित्यकारों को गढ़वाल साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र रांगड़, फिल्म निर्माता डॉ. राजेश डोभाल ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। भारतीय साहित्य संगम की ओर से ऑनलाइन व्याख्यान माला और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के 330 श्रृंखला आयोजित कर विश्व कीर्तिमान बनाए जाने पर वर्ड बुक आफ रिकॉर्ड लंदन की ओर से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र रांगड़, शंभू प्रसाद भट्ट, डॉ. देवीदिन अविनाशी, संजीव कुमार चौहान और डॉ. राजेश डोभाल को कैबिनेट मंत्री की ओर से प्रदान किया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि कवियों और साहित्यकारों की भूमि रही है, जिन्होंने साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना को दिशा और दृष्टि प्रदान की है।
डॉ. रांगड़ ने साहित्य के क्षेत्र में विश्व कीर्तिमान स्थापित कर उत्तराखंड का नाम को रोशन किया है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम में एमआर सकलानी, विमल बहुगुणा, मनोज कुमार गुप्ता, अरुणा वशिष्ठ, चित्रा शर्मा, किरण नैथानी, दिनेश भट्ट, डॉ. एसएन. बडोनी, हर्षमणि भट्ट आदि ने विभिन्न विषयों पर काव्य पाठ किया।
इस अवसर पर शंभू प्रसाद भट्ट स्नेहिल की धर्म आस्था परिपथ, डॉ मुनेंद्र राम सकलानी की आजादी का अमृत महोत्सव और राजभाषा हिंदी की प्रगति, अरुण वशिष्ठ की मित्र संस्मरण, डॉ. राजेश डोभाल की श्रद्धांजलि पुस्तकों का विमोचन किया गया। इस मौके पर देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी, भगवान सिंह रांगड़, विशाल मणि पैन्यूली, सरदार हरचरण सिंह, रमेश पैन्यूली, अनिल कुकरेती, मनोज काला, प्रेमलाल कंडवाल, सुमित्रा पंवार, निर्मल रांगड़, हुकुम सिंह रांगड़, विजयपाल, धनपाल सिंह, शूरवीर सिंह, ऊषा भंडारी आदि शामिल रहे।