चारधाम यात्रा मार्ग पर परिवहन विभाग की चेक पोस्ट पर तैैनात होने वाले कर्मचारियों और प्रवर्तन सिपाहियों को एआरटीओ कार्यालय ऋषिकेश में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान कर्मचारियों को जिम्मेदारी से ड्यूटी करने, यात्रियों और बस चालक परिचालकों को सद्व्यहार करने के निर्देश दिए गए।
एआरटीओ कार्यालय में आयोजित बैठक आरटीओ (प्रर्वतन) देहरादून सुनील शर्मा ने कहा कि चारधाम यात्रा में कर्मचारियों और प्रवर्तन सिपाहियों की 10-10 दिन के लिए ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों से अतिथि देवो भव: की तर्ज पर सद्व्यवहार करें। यदि कोई कर्मचारी यात्रियों से बदसलूकी करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कर्मचारी देहरादून, हरिद्वार, कोटद्वार, टिहरी आदि स्थानों से आए थे। इन कर्मचारियों की ड्यूटी भद्रकाली, ब्रह्मपुरी, कुठाल गेट, डामटा और सोनप्रयाग में लगाई जाएगी। इस अवसर पर एआरटीओ प्रशासन अरविंद पांडेय, एआरटीओ प्रवर्तन मोहित कोठारी, जनवीर रावत, विनय, दौलत राम, रामेंद्र बिष्ट, संजय तिवारी, इमरान अली, हिमांशु आदि थे।