एसपीएस राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण करती एसडीएम डॉ.अपूर्वा सिंह।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। आज योगनगरी में 18 प्लस आयुवर्ग के कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए महाअभियान चलाया जाएगा। तहसील प्रशासन ने अभियान के दौरान पांच हजार लाभार्थियों को कोविड वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। एसडीएम डॉ. अपूर्वा पांडे ने महाभियान को सफल बनाने के लिए कोविड नोडल अधिकारी को जरुरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
एसडीएम डॉ. अपूर्वा पांडे ने शुक्रवार को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय और टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड नोडल अधिकारी डॉ.संतोष कुमार पंत को बताया कि शनिवार को कोरोनारोधी टीकाकरण महाअभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान 18 प्लस आयुवर्ग को कोविड टीकेेे की पहली और दूसरी डोज लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि महाअभियान के दौरान पांच हजार लाभार्थियों को कोविड टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने नोडल अधिकारी को टीकाकरण महाअभियान के लिए सभी जरुरी तैयारी करने के निर्देश दिए। एसडीएम डॉ. अपूर्वा पांडे ने कहा कि टीकाकरण अभियान का व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर बनाए जाए। वहीं एसडीएम ने नोडल अधिकारी को टीकाकरण केंद्रों सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के भी निर्देश दिए। कोविड नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार पंत ने बताया कि एसपीएस राजकीय अस्पताल और जंबो सेंटर राधा स्वामी सत्संग भवन में 1500 लाभार्थियों के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र छिद्दरवाला में 1500, हरिपुर कलां में एक हजार और रायवाला में एक हजार लोगों के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अमृता शर्मा और प्रभारी सीएमएस डॉ.विजयेश भारद्वाज आदि थे।