ऋषिकेश। महाकुंभ 2021 वसंत पंचमी पर त्रिवेणीघाट पर संत, महात्मा और नागा बाबाओं ने परम शाही स्नान किया। संपूर्ण त्रिवेणीघाट हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान रहा। परम शाही स्नान में संत महात्माओं की भीड़ देखने के लिए आसपास स्थानीय लोगों और पर्यटकों का भी जमावड़ा लग गया।
मंगलवार को षड्दर्शन साधु समाज और अखिल भारतीय संत रक्षा समिति के संत, महात्मा और नागा बाबा समेत अलग अलग अखाडों के संतों ने परशुराम चौक पर एकत्रित हुए। ढोल नगाड़े और शंखनाद की ध्वनि के साथ बाबाओं ने ध्वजा यात्रा निकली। यात्रा हीरालाल मार्ग, अंबेडकर चौक, रेलवे रोड होते हुए त्रिवेणीघाट तिराहा, लक्ष्मणझूला रोड, चंद्रभागा पुल होते हुए झंडा चौक में संत महात्माओं ने भरत मंदिर में भगवान भरत की परिक्रमा करने के बाद त्रिवेणीघाट पहुंचे। घाट पर बाबाओं ने विधि विधान के साथ जय महाकाल के नारे लगाकर गंगा में डुबकी लगाई।
नागा बाबाओं ने दिखाया करतब
ऋषिकेश। वसंत पंचमी के दिन परम शाही स्नान में उमड़े नागा बाबाओं ने ध्वजा यात्रा में विभिन्न प्रकार के हैरतंगेज करतब दिखाकर लोगों को आश्चर्य चकित किया। नागा बाबाओं का करतब देखने के लिए यात्रा मार्ग पर लोगों का हुजूम उमड़ा।
आईटीबीपी और पुलिस प्रशासन मुस्तैद
ऋषिकेश। त्रिवेणीघाट पर परम शाही स्नान के दौरान यात्रा मार्ग पर जगह-जगह आईटीबीपी और स्थानीय पुलिस प्रशासन मुस्तैद रही। परम शाही स्नान में कोई अप्रिय घटना घटित न हो इसके लिए त्रिवेणीघाट चौराहा, देहरादून रोड़, जयराम आश्रम चौराहे आदि जगहों पर बेरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। घाट पर जल पुलिस राफ्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों से तैयार रही।
वसंत पंचमी के दिन गंगा स्नान कर कमाया पुण्य
ऋषिकेश। बसंती पंचमी के दिन तीर्थनगरी के त्रिवेणीघाट, दयानंद घाट, भरतघाट, शत्रुघ्नघाट, स्वर्गाश्रम, वेद निकेतन, वानप्रस्थ, परमार्थ निकेतन, गीताभवन, नावघाट, लक्ष्मीनारायण आदि घाटों पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। मंगलवार सुबह से ही घाटों पर भजन कीर्तन और दीपदान होते रहे। श्रद्धालुओं ने घाटों पर फक्कडबाबाओं को धन और अन्नदान किया। कुछ लोगों ने अपने घरों पर विधिविधान से विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा अर्चना की। इस मौके पर लोगों ने अपने घरों पर विभिन्न प्रकार के पकवान बनाकर बसंत पंचमी पर्व मनाया।
दिनभर आसमान पर लड़ती रहीं पेंचें
ऋषिकेश। वसंत पंचती के दिन बच्चों से लेकर बड़ों ने पंतगबाजी का भी जमकर लुत्फ उठाया। दिनभर आसमान में रंग बिरंगी पंतगें उड़ती रही। बच्चों ने भी एक दूसरे के पतंगों से पेंचे लड़ाकर वसंत पंचती पर्व का आनंद लिया। जगह-जगह पतंगों की दुकानों में बच्चे पंतगों की खरीदारी करते हुए नजर आए। वहीं कुछ बच्चे दिनभर कटी पंतगों के पीछ़े दौड़ते दिखे।
त्रिवेणीघाट पर गंगा में स्नान के बाद अपने जटाओं को इस तरह बिखेरता नागा बाबा।- फोटो : RISHIKESH
त्रिवेणीघाट पर परम शाही स्नान करने से पहले नृत्य करते संत, महात्मा।- फोटो : RISHIKESH
वसंत पंचमी पर परम शाही स्नान से पहले नगर क्षेत्र में ध्वजायात्रा निकालते संत, महात्मा।- फोटो : RISHIKESH