श्यामपुर न्याय पंचायत क्षेत्र की ग्राम सभा खदरी के वार्ड नंबर-6 में सीवरेज निर्माण कार्य के चलते दिनभर पेयजल आपूर्ति ठप रही। बोक्सा बस्ती गली नंबर-2 की करीब 500 की आबादी बूंद-बूंद पानी के लिए तरसती रही। गर्मी के कारण हालात ऐसे बने कि लोगों को पीने के पानी के लिए हैंडपंपों की ओर दौड़ लगानी पड़ी।
यहां पेयजल निगम की ओर से संचालित केएफडब्ल्यू वित्त पोषित सीवरेज योजना के तहत सीवरेज लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। खुदाई के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण रविवार सुबह से ही पूरे क्षेत्र में पानी की सप्लाई बंद हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से सूचना न मिलने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खाना बनाने से लेकर शौचालय तक के लिए पानी नहीं मिला। पानी न आने से परेशान महिलाएं और बच्चे बाल्टी-डिब्बे लेकर पास के हैंडपंपों पर लाइन लगाए दिखे।
भीषण गर्मी में बुजुर्ग और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय निवासी रमेश चंद्र ने बताया कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी। बिना पानी के पूरा दिन कैसे कटेगा, इसकी चिंता किसी ने नहीं की।
जिला गंगा संरक्षण समिति के नामित सदस्य और पर्यावरणविद विनोद प्रसाद जुगलान ने कहा कि विकास के लिए निर्माण कार्य महत्वपूर्ण हैं, लेकिन ऐसी स्थिति में पेयजल निगम और जल संस्थान के कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा ताकि आवश्यक सेवाएं ज्यादा देर तक प्रभावित न हों।
उन्होंने कहा कि खुदाई से पहले पेयजल लाइनों को चिह्नित किया जाए और प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों से पानी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी विकास कार्यों में सहयोग की अपील की है।
-
कोट
सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेज दी गई है। आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में ऐसी दिक्कत न हो, इसके लिए पेयजल निगम से समन्वय कर काम किया जाएगा। - कमलेश पंत, सहायक अभियंता जल संस्थान