कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ा शराब तस्कर।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने तीन शराब तस्करों को पकड़कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक तस्कर को 26 पेटी अग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। बरामद शराब में महंगे ब्रांड भी शामिल हैं।
मिशन मर्यादा के तहत नशे पर रोक के लिए अभियान में बृहस्पतिवार देर शाम पुलिस ने श्यामपुर रेलवे फाटक पर चेकिंग की। इसी दौरान पुलिस ने रेलवे फाटक के पास एक कार को रोका, लेकिन चालक ने कार खदरी रोड पर दौड़ा दी। कार चालक ने बलजीत फार्म के पास कार खड़ी कर भागने का प्रयास करने लगा। इसी बीच पुलिस ने घेराबंदी कर उसको दबोच लिया। नगर कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि पुलिस ने कार से अंग्रेजी शराब की 12 पेटी बरामद की। आरोपी चालक अमित गोस्वामी उर्फ सोनू निवासी अदिति विहार, गली नंबर 2, खदरी रोड श्यामपुर की निशानदेही पर एक घर से 14 पेटी शराब और बरामद हुई। आरोपी का दूसरा साथी धनपाल नेगी निवासी बलजीत फार्म, श्यामपुर फरार है। नगर कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत ऋषिकेश में मुकदमे दर्ज हैं।
लग्जरी कार से 19 पेटी शराब बरामद, दो गिरफ्तार
ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में दूसरी बड़ी कार्रवाई का अंजाम देते हुए दो शराब तस्करों को 19 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लग्जरी कार में शराब लेकर जा रहे थे।
नगर कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि पुलिस ने भैरव मंदिर चंद्रभागा के पास एक लग्जरी कार को रोका गया था। कार की तलाशी में 19 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद आरोपी बृजेश त्रिपाठी और संदीप शर्मा निवासी जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।